बाड़मेर जिले में घरेलू गैस सिलेंडर की उपलब्धता और आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। जिला कलक्टर के निर्देश पर जिले के विभिन्न उपखंडों में अधिकारियों द्वारा गैस एजेंसियों का निरीक्षण कर स्टॉक और वितरण की स्थिति की जांच की गई। इस दौरान अधिकारियों ने यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया कि आम उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध हो और किसी प्रकार की कालाबाजारी या अनियमितता न हो।
जिला प्रशासन के निर्देशानुसार बाड़मेर उपखंड अधिकारी यशार्थ शेखर, शिव उपखंड अधिकारी यक्ष चौधरी, रामसर उपखंड अधिकारी रामलाल मीणा तथा गडरारोड उपखंड अधिकारी सुरेश ने अपने-अपने क्षेत्रों में गैस एजेंसियों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एजेंसियों में उपलब्ध गैस सिलेंडर के स्टॉक, वितरण रजिस्टर, उपभोक्ताओं को की जा रही आपूर्ति तथा बुकिंग के आधार पर सिलेंडर वितरण की प्रक्रिया का गहनता से परीक्षण किया गया।
अधिकारियों ने गैस एजेंसी संचालकों को निर्देश दिए कि उपभोक्ताओं को निर्धारित समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध करवाए जाएं और किसी भी प्रकार की शिकायत की स्थिति में तुरंत समाधान किया जाए। साथ ही वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने और सरकारी दिशा-निर्देशों का पालन करने के लिए भी कहा गया।
इस अभियान के तहत जिले के विभिन्न स्थानों पर तहसीलदारों ने भी गैस एजेंसियों का निरीक्षण किया और स्टॉक तथा आपूर्ति व्यवस्था की जानकारी प्राप्त की। प्रशासन की इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य आम जनता को राहत देना तथा गैस आपूर्ति प्रणाली को व्यवस्थित बनाए रखना है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि कहीं भी गैस वितरण में अनियमितता, कालाबाजारी या उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशान किए जाने की शिकायत सामने आती है तो संबंधित एजेंसी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे किसी भी समस्या या अनियमितता की सूचना तुरंत प्रशासन को दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
Thankyou for Visit... हम ओर अच्छा करने की कोशिश करेंगे